Jharkhand News : हजारीबाग के बड़कागांव प्रखंड में अदाणी फाउंडेशन द्वारा आयोजित जॉब फेयर ने स्थानीय युवाओं के लिए नए अवसर खोले हैं। गोंदुलपारा गांव के प्रदीप यादव का चयन अदाणी ग्रीन एनर्जी लिमिटेड में सीनियर टेक्नीशियन पद पर किया गया है। जॉब फेयर में 200 से अधिक युवाओं ने भाग लिया, जिनमें से गाली गांव के पांच युवाओं को सुरक्षा गार्ड की नौकरी भी मिली है और वे विभिन्न परियोजनाओं में कार्यरत हैं।
कंपनी द्वारा जारी ऑफर लेटर के अनुसार, प्रदीप यादव की नियुक्ति 1 दिसंबर 2025 से प्रभावी होगी। उन्हें आकर्षक वेतन के साथ PF, ग्रैच्युटी, बोनस, बीमा, वार्षिक मेडिकल जांच, किफायती भोजन और आवास जैसी सुविधाएं दी जाएंगी। उनकी सफलता ने पूरे क्षेत्र के युवाओं में नई प्रेरणा जगाई है।
अदाणी फाउंडेशन का मुख्य उद्देश्य स्थानीय युवाओं को रोजगार से जोड़ना है। आगे भी ऐसे जॉब फेयर और कौशल विकास कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। ग्रामीणों ने प्रदीप की उपलब्धि पर खुशी व्यक्त करते हुए उम्मीद जताई कि क्षेत्र के और भी युवाओं को रोजगार मिलेगा।
फाउंडेशन जल्द ही इलाके में स्कूल, अस्पताल और स्किल ट्रेनिंग सेंटर शुरू करने की योजना पर काम कर रहा है। रोजगार मेले में जमा हुए अन्य बायोडाटा की शॉर्टलिस्टिंग जारी है और अधिकारियों के अनुसार युवाओं को योग्यता व कौशल के आधार पर और भी नौकरी के अवसर दिए जाएंगे। फाउंडेशन पिछले कई वर्षों से फ्री एम्बुलेंस सेवा, स्वास्थ्य शिविर, पोषण किट, शैक्षणिक सहयोग और छात्रवृत्ति जैसी CSR गतिविधियों से लोगों को लाभ पहुंचा रहा है।








